प्रयागराज, 16 अप्रैल (हि.स)। उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति द्वारा विश्वविख्यात जादूगर ओ.पी शर्मा (जू) को मंडपम सभागार, प्रयागराज में विशेष सम्मान समारोह में गुरूवार को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर महापौर गणेश केसरवानी और पूर्व मंडलायुक्त एवं समिति के वाइस चैयरमैन डॉ.आर एस वर्मा ने सम्मानित किया।

इस अवसर पर महापौर एवं पूर्व मंडलायुक्त ने बताया कि जादूगर जूनियर ओ.पी. शर्मा ने अपनी अद्भुत कला के माध्यम से न केवल देश-विदेश में भारत का नाम रोशन किया है, बल्कि अपने कार्यक्रमों के जरिए सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वासों एवं नशा उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरूकता फैलाने का भी सराहनीय कार्य किया है। उनके द्वारा स्थापित 42 हजार से अधिक हाउसफुल शो का रिकॉर्ड उनकी लोकप्रियता, समर्पण एवं कला के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उल्लेखनीय है कि, यह भव्य जादू शो 20 मार्च से मंडपम सभागार, प्रयागराज में निरंतर संचालित हो रहा है, जो 19 अप्रैल तक चलेगा। प्रतिदिन आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में हजारों दर्शक उपस्थित होकर जादू की अद्भुत एवं रोमांचक प्रस्तुतियों का आनंद ले रहे हैं।
कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुआ। समिति के पदाधिकारियों ने अपने वक्तव्य में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच, जागरूकता एवं नैतिक मूल्यों के प्रसार में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भविष्य में भी समिति द्वारा इस प्रकार के जनहितकारी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर समिति के सचिव संतोष कुमार श्रीवास्तव तथा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ प्रभारी युवा सम्राट जादूगर नागेंद्र प्रताप सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। समिति के अन्य पदाधिकारी लक्ष्मीकांत मिश्रा (उपाध्यक्ष, बार एसोसिएशन), शोएब आलम (प्रयागराज), बी.के. श्रीवास्तव (प्रभारी, रेलवे प्रकोष्ठ), संजय उपाध्याय, संजय शुक्ला, अशोक सिंह, संदीप सोनी, अर्जुन सिंह, मोहम्मद अहमद, जावेद, राजेश खन्ना एवं राकेश कुमार निषाद आदि सम्मिलित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए जादूगर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र
