उरई, 31 मार्च (हि.स.)। जालाैन जिले के कदौरा क्षेत्र अंतर्गत शहादतपुर गांव में एक प्रौढ़ किसान करन पाल सिंह (55) ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर रही है।

मृतक किसान काफी समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और बन रहे मकान के निर्माण को लेकर चिंतित था। परिजनों के मुताबिक देर रात किसान ने अपने घर के दरवाजे पर लकड़ी की बल्ली में रस्सी का फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है ताकि घटना के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रभात सिंह ने बताया कि फांसी की सूचना प्राप्त हुई है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा
