उरई, 10 फ़रवरी (हि.स.)। ‘सीएम’ डैशबोर्ड’ पर कानून व्यवस्था सम्बंधी मानकों में जारी मासिक रैंकिंग में जनपद जालौन की पुलिस ने जनवरी 2026 में पूरे प्रदेश में सातवाँ स्थान हासिल किया है। जालौन पुलिस लगातार नौवीं बार शीर्ष दस जनपदों में अपना स्थान बरकरार रखने में सफल रही है।

बता दे कि सीएम डैशबोर्ड के तहत, प्रदेश के सभी जनपदों की पुलिस के कार्य-निष्पादन का विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया जाता है और मासिक रैंकिंग जारी की जाती है। इसके अंतर्गत पुलिस विभाग की विभिन्न ऑनलाइन पोर्टल्स पर प्रदान की जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता की समीक्षा की जाती है। पुलिस अधीक्षक जालौन, डॉ. दुर्गेश कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में यह उपलब्धि हासिल की गई है। डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि डैशबोर्ड संबंधी कार्यों की नियमित निगरानी करते रहे हैं और आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार के मार्गदर्शन में उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर समीक्षा बैठकें आयोजित कर पोर्टल पर आने वाली कमियों को दूर किया गया। सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और हल्का प्रभारियों को विभिन्न पोर्टल्स पर समय से और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के लिए प्रोत्साहित व मार्गदर्शित किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा
