उरई, 24 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जालाैन में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत गेहूं खरीद को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले में 49 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में खाद्य विपणन अधिकारी गोविंद उपाध्याय ने जानकारी दी कि जिले में गेहूं क्रय हेतु 49 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये अधिक है। जिलाधिकारी ने कहा कि गेहूं खरीद शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर खाद्य विपणन अधिकारी गोविंद उपाध्याय, एआर कोऑपरेटिव विजय वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा
