गोपालगंज, 27 जनवरी (हि.स.)।जिले में मंगलवार को बैंक कर्मियों की सामूहिक हड़ताल के कारण बैंकिंग व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

ग्रामीण बैंक की 64 शाखाओं सहित कुल 130 बैंकों में ताले लटके रहे, जिससे करीब 500 करोड़ रुपये के लेन-देन पर सीधा असर पड़ा। सुबह से ही बैंक उपभोक्ता शाखाओं के बाहर भटकते नजर आए, लेकिन हड़ताल के कारण कोई कामकाज नहीं हो सका। यह हड़ताल बैंक कर्मियों द्वारा सप्ताह में पांच दिन कार्यावधि लागू करने, स्टाफ की कमी दूर करने और कार्य दबाव कम करने जैसी मांगों को लेकर की गई।

बैंक कर्मियों ने बताया कि लगातार बढ़ते कार्यभार और सीमित संसाधनों के कारण कर्मचारियों पर अत्यधिक दबाव है, जिससे बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है। हड़ताल का सबसे ज्यादा असर किसानों, पेंशनधारियों, व्यापारियों और स्वयं सहायता समूहों पर पड़ा। न तो नकद निकासी हो सकी और न ही चेक क्लीयरेंस व ऋण संबंधित कार्य। कई जगहों पर एटीएम भी खाली रहे, जिससे आम लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Akhilanand Mishra
