जींद, 14 मार्च (हि.स.)। सीआईए स्टाफ नरवाना ने फैक्टरी से सामान चोरी करने के दो आरोपित तथा एक परचेजर को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरीशुदा सामान बरामद किया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

सीआईए स्टाफ नरवाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने शनिवार को बताया कि गत दो नवंबर को माडल टाउन निवासी वैभव ने थाना शहर नरवाना में शिकायत देकर बताया था कि रेस्ट हाउस के पास स्थित उसकी इस्पात फैक्टरी से चोरों ने कॉपर की केबल, एक विंडो इन्वर्टर, दो बैटरी, दो बैटरी जनरेटर, एक लैपटॉप, बाथरूम की टूंटियां समेत अन्य सामान को चोरी कर लिया। जिस पर शहर थाना पुलिस नरवाना मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने वैभव की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया था।
पुलिस ने इस चोरी के मामले में जांच का आगे बढ़ाया तो नरवाना निवासी संजय व सागर का नाम सामने आया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि जो सामान उन्होंने चोरी किया था, वो उन्होंने धर्म सिंह कालोनी निवासी साधुराम कबाड़ी को बेचा है। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरीशुदा सामान को बरामद कर कबाड़ी साधुराम को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा
