जींद, 08 फ़रवरी (हि.स.)। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि भारत में जितने भी स्कूल हैं, उन सबको एक न्योता दिया जा रहा है कि भारत का सबसे बडी प्रश्रोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसका पुरस्कार एक करोड़ रुपये होगा। उन्होंने जींद के सभी स्कूलों से आह्वान किया कि इस प्रतियोगिता में बढ़चढ़ कर भाग लें। इस प्रतियोगिता में जो भी स्कूल टीम जीतेगी, उसे पुरस्कार के तौर पर एक करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। वो उम्मीद करते हैं कि जब भी इस प्रतियोगिता का रिजल्ट आए और उसमें जींद के स्कूल का नाम आए और वो एक करोड़ रुपये का पुरस्कार जीते तो उन्हें बहुत खुशी होगी।

राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा रविवार को भिवानी रोड स्थित ज्ञान गंगा ग्लोबल अकेडमी द्वारा रविवार को आयोजित वार्षिक समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के तौर पर हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा भी मौजूद रहे। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में हमें मातृ शक्ति का भी ध्यान रखना है। चाहे वो ड्रोन दीदी की बात हो, लखपति दीदी की बात हो, जिस भी तरीके से हमारी मातृशक्ति जो हमारे घर को संभालती हैं, उनकी चिंता हमें करनी है। इसीलिए उन्होंने नमो शक्ति रथ नाम से एक पहल की शुरूआत उन्होंने की है। इस रथ के माध्यम से माताओं व बहनों में गंभीर बीमारियों का उपचार किया जा सके। कैंसर से हमारी माताओं व बहनों का बचाना है।

उन्होंने कहा कि नमो शक्ति रथ एक ऐसी पहल है, जिसका उद्देश्य यह है कि अगर हमारी माताएं व बहनें स्वस्थ हैं तो हमारा परिवार स्वस्थ है। अगर हमारा परिवार स्वस्थ है तो हमारा देश स्वस्थ है। इसीलिए नमो शक्ति रथ की शुरूआत की है ताकि स्वास्थ्य सुविधाओं से कोई भी माता या बहन वंचित न रहे। वो घोषणा करते हैं कि जींद में भी वो एक रथ भेज रहे हैं। यहां भी जल्द ही कैंसर को लेकर माताओं व बहनों की स्क्रीनिंग शुरू होगी। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि आज भारत की संज्ञा दुनिया में बदल गई है। इसके कारण आज दुनिया भारत को अलग तरीके से देख रही है। यह इसलिए संभव हो पाया है कि भारतीय होने पर हमें गर्व है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा
