जींद, 09 फ़रवरी (हि.स.)। कैथल रोड बाईपास एप्रोच रोड पर सोमवार को रोड़ी से भरा डंफर दूल्हे की गाड़ी पर पलट गया। हादसे में कार सवार दूल्हा व दुल्हन समेत तीन लोग बाल-बाल बच गए। जबकि चालक मामूली तौर पर घायल हो गए। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव राजाखेड़ी (पानीपत) निवासी विजय अपनी दुल्हन दड़बा कलां (सिरसा) निवासी स्नेहा, मौसेरे भाई मनोज, चाचा करण सिंह के साथ कार से वापस घर लौट रहे थे। सोमवार सुबह जींद के कैथल रोड बाईपास अप्रोच रोड पर साइड में कार खड़ी कर बारात की दूसरी गाडियों को इंतजार कर रहे थे। उसी समय पीछे से रोड़ी से भरा तेज रफ्तार डंफर आया और अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया।

जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। जिसमें विजय व उसकी दुल्हन तथा चाचा कर्ण बाल-बाल बच गए। जबकि चालक मनोज को हलकी चोटें आई हैं। जिसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भरती करवाया गया है। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दूल्हे चाचा कर्ण सिंह ने बताया कि उसके भतीजे चालक मनोज को हलकी चोट आई है। सदर थाना के जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि घटना में किसी को ज्यादा चोट नही आई है। दूल्हा व दुल्हन को दूसरी गाड़ी से रवाना कर दिया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा
