जींद, 29 जनवरी (हि.स.)। सफीदों खंड के गांव कारखाना में एक विधवा महिला तथा उसके नाबालिग बच्चों का जमीन व मकान छीनने की कोशिश की गई। महिला ने आरोप लगाया कि उसके 45 लाख रुपये भी हड़प लिए गए। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सदर थाना सफीदों पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ जेजे एक्ट समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सफीदों खंड के गांव कारखाना निवासी रीना ने गुरूवार को बताया कि उसने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि अक्टूबर 2025 में उसके पति रूबल की मौत हो गई थी। जिसके बाद उसकी सास ने अपने देवर मेहर सिंह के साथ मिल कर उसे तथा उसके नाबालिग बच्चों से मारपीट करना शुरू कर दिया। उसे मकान से बाहर निकालने की कोशिश की गई। उसके चाचा ससुर के बेटे उसके पति की दो गाडिय़ों तथा दो बाइकों को जबरन अपने घर ले गए। उसके चाचा ससुर मेहर सिंह 25 लाख रुपये रजिस्टरी के लिए लेकर गए थे।

जिसके बाद उसके बेटे को विदेश भेजने के लिए दस लाख लेकर गए। फिर उसकी बेटी को विदेश भेजने तथा शादी के लिए दस लाख रुपये लिए। जो उसके चाचा ससुर मेहर सिंह ने वापस नही किए। पति रूबल की हत्या में उसे फंसा कर जेल भिजवाने की कोशिश की लेकिन वह जांच मे निर्दोष पाई गई। अब आरोपित उसे घर से निकाल कर उसकी प्रोपर्टी हडपना चाहते हैं। उसके पति से ली गई राशि को भी नही लौटा रहे है। उसके पति के वाहनों को भी अपने कब्जे में रखे हुए हैं। सदर थाना सफीदों पुलिस ने रीना की शिकायत पर सास कमलेश, चाचा ससुर मेहर सिंह, शिवम, सुभाष तथा उसका लड़का, सुभाष की पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा
