कठुआ/हीरानगर, 14 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर जीडीसी हीरानगर के गणित विभाग द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो प्रज्ञा खन्ना के संरक्षण में आयोजित हुआ जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के महत्व को उजागर करना और उन्हें इस विषय को रचनात्मक रूप से समझने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों के लिए पोस्टर प्रेजेंटेशन और ओरल प्रेजेंटेशन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पोस्टर प्रेजेंटेशन का विषय गणित के अनुप्रयोग रखा गया जिसमें छात्रों ने विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग, अर्थशास्त्र और दैनिक जीवन में गणित के उपयोग को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं ओरल प्रेजेंटेशन में छात्रों ने प्रसिद्ध गणितज्ञों के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। ओरल प्रेजेंटेशन में रितिका शर्मा (सेमेस्टर-2) ने पहला, सोनाली राजपूत (सेमेस्टर-2) ने दूसरा और चाहत गुप्ता (सेमेस्टर-4) ने तीसरा स्थान हासिल किया। पोस्टर प्रेजेंटेशन में सिमरन बनोत्रा (सेमेस्टर-2) प्रथम, शवी शर्मा (सेमेस्टर-4) द्वितीय और चाहत गुप्ता (सेमेस्टर-2) तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत गणित विभाग की अध्यक्ष प्रो. देविया नर्रानिया के स्वागत भाषण से हुई जबकि निर्णायक मंडल में डॉ. भावना जमवाल, प्रो. नीरू शर्मा और प्रो. अमित सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम का समापन डॉ. रितु देवी (एचओडी फिजिक्स) के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
