कटिहार, 10 फरवरी (हि.स.)। भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रोवेशनरी अधिकारियाें ने मंगलवार को जीविका कार्यालय कटिहार और बढ़ते कदम जीविका ग्राम संगठन का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने जीविका दीदियों से संवाद किया और उनके अनुभव, आवश्यकताओं और चुनौतियों पर चर्चा की।

जीविका दीदियों ने बताया कि जीविका से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। वे अब प्रति माह 12 से 15 हजार रुपये तक की आय कर रही हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है।

प्रोवेशनरी अधिकारीगण ने जीविका दीदियों के कार्यों की सराहना की और उन्हें नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से उत्पादन, प्रबंधन और विपणन को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक जीविका कटिहार इंद्रशेखर इंदु ने जीविका द्वारा संचालित कार्यक्रमों का संक्षेप में बताया। उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से बिहार के सभी क्षेत्र की महिलाओं को तकनीकी और वित्तीय रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह
