मुरादाबाद, 14 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद के थाना मैनाठेर क्षेत्र के गांव रसूलपुर हमीर में बीते दिन जुमा की नमाज के बाद मस्जिद से बाहर निकल रहे युवकों पर कुछ लोगों ने हमला करने के मामले में शनिवार को पुलिस ने तहरीर के आधार पर 22 नामजद और 5 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मैनाठेर क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर हमीर स्थित जामा मस्जिद में दो दिन पहले गुरूवार रात्रि नमाज-ए-तरावीह में कुरान ए करीम मुकम्मल होने पर तबर्रुक बांटने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई। उस समय दोनों को समझा बुझाकर शांत कर दिया था। शुक्रवार को जुमा अलविदा की नमाज के बाद शुक्रवार दोपहर लगभग 1:30 बजे गांव के नजारूल, वसीम, जुनैद और कैफ मस्जिद में जुमा की नमाज अदा करने के बाद बाहर निकल रहे थे। आरोप है कि जैसे ही वे मस्जिद के गेट पर पहुंचे। आरोप है तभी पहले से घात लगाए बैठे इरशाद व अन्य लोग अचानक बाहर आ गए और गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया।
पीड़ित के द्वारा बताया गया कि हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर थे। घटना के समय शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह बचाव कराया। आरोप है कि हमलावर जाते समय जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। ग्रामीणों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही है। वहीं थाना मैनाठेर इंस्पेक्टर किरनपाल सिंह ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पत्र के आधार पर शनिवार को 22 नामजद और पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
