जोधपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। रेल प्रशासन द्वारा होली पर घर आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए जोधपुर-मऊ-जोधपुर होली स्पेशल ट्रेन का पांच ट्रिप के लिए संचालन किया जा रहा है। विभिन्न श्रेणियों के 20 डिब्बों वाली यह साप्ताहिक ट्रेन 1 से 31 मार्च तक संचालित होगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि होली पर्व पर ट्रेनों में बढऩे वाले अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए ट्रेन संख्या 04823/04824 जोधपुर-मऊ-जोधपुर होली स्पेशल चलाई जा रही है जिससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 04823 जोधपुर-मऊ साप्ताहिक स्पेशल 1 से 29 मार्च तक प्रत्येक रविवार को जोधपुर से शाम 5 बजे प्रस्थान कर सोमवार रात 11.20 बजे मऊ पहुंचेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 04824 मऊ-जोधपुर साप्ताहिक स्पेशल 3 से 31 मार्च तक प्रत्येक मंगलवार सुबह 4 बजे मऊ से प्रस्थान कर बुधवार सुबह 8.40 बजे जोधपुर पहुंचेगी।

सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार यह होली स्पेशल ट्रेन पीपाड़ रोड, गोटन, मेड़ता रोड, रेन, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावा सिटी, फुलेरा, जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेरली, नदबई, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ चारबाग, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, शाहगंज, खोरासन रोड, आजमगढ़ तथा मुहम्मदाबाद स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
