
जौनपुर, 14 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव के भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की गई। जिसकी अध्यक्षता प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने की।

बैठक में महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने बताया कि जौनपुर महोत्सव का आयोजन 24, 25 और 26 मार्च को ऐतिहासिक शाही किला परिसर में प्रस्तावित है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महोत्सव को भव्य, आकर्षक और व्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाए, ताकि जनपद की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक परंपराओं को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि महोत्सव में स्थानीय कलाकारों और लोक संस्कृति को विशेष महत्व दिया जाए, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके। साथ ही कार्यक्रमों में जनसहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के संबंध में भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने आश्वस्त किया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी महोत्सव के दौरान भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सामूहिक विवाह के लिए चयनित जोड़ों का शत-प्रतिशत बायोमैट्रिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाएगी तथा एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) सहित अन्य विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
इस दौरान मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर. के. पटेल तथा जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
