
झाड़ग्राम, 11 मार्च (हि.स.)। झाड़ग्राम थाना पुलिस की सतर्कता से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मंगलवार रात करीब 10 बजे झाड़ग्राम थाना के आईसी कौशिक साउ को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि एक ट्रक में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर मुंबई से कोलकाता की ओर जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही आईसी के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग-49 के विभिन्न स्थानों पर पुलिस ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान झाड़ग्राम थाना क्षेत्र के फांसितला इलाके में झाड़ग्राम थाना के सब-इंस्पेक्टर उमाशंकर पड़िया की नजर एक संदिग्ध ट्रक पर पड़ी। उन्होंने तुरंत वाहन को रोककर इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी।
खबर मिलते ही आईसी, ज्वाइंट बीडीओ तथा पुलिस की एक बड़ी टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद ट्रक की तलाशी लेने पर लगभग एक क्विंटल गांजा बरामद किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार फांसीतला इलाके में काफी देर से पुलिस नाका चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ट्रक को रोककर जब तलाशी ली गई तो एक-एक कर कई पैकेट बरामद हुए, जिनमें भारी मात्रा में गांजा था।
पुलिस ने ट्रक के चालक और खलासी को गिरफ्तार कर वाहन को भी जब्त कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अवैध मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में आरोपितों को बुधवार को झाड़ग्राम अदालत में पेश किया जाएगा। साथ ही इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन शामिल है, इसकी जांच झाड़ग्राम जिला पुलिस ने शुरू कर दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
