टिहरी, 09 अप्रैल (हि.स.)। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की ओर से टिहरी लेक में आयोजित 25वें अखिल भारतीय पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर के दूसरे दिन गुरुवार को रोमांच, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का शानदार संगम देखने को मिला। देशभर से आई विभिन्न पुलिस बलों की टीमों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी क्षमता और कौशल का परिचय दिया।

कार्यक्रम में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि वाटर स्पोर्ट्स शारीरिक दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ आपदा प्रबंधन में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बलों के जवानों के कौशल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण आपदा के समय जीवन और संपत्ति की रक्षा में उपयोगी साबित होते हैं।
इस अवसर पर उत्तराखंड खेल विकास बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला भी मौजूद रहे। वहीं, आईटीबीपी के महानिरीक्षक (उत्तरी सीमांत) मनु महाराज ने कहा कि इस तरह के आयोजन बलों के बीच समन्वय,साहस और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को सुदृढ़ करते हैं।
प्रतिभागियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। देशभर से आई पुलिस टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के साथ खेल भावना भी देखने को मिली। यह आयोजन 12 अप्रैल तक जारी रहेगा।
—————–
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
