पूर्वी चंपारण,04 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के हरैया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दस चक्का ट्रक से भारी मात्रा में गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में कुल 422.196 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। मामले की सूचना मिलते ही जिला पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद, सुगौली इंस्पेक्टर संजीव मौआर, रक्सौल थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान, पीएसआई कुमारी बिट्टू, विकाश कुमार सहित सिपाही पिंटू कुमार एवं मिथुन कुमार शामिल थे।
पुलिस टीम द्वारा बाईपास ओवरब्रिज पर सघन वाहन जांच के दौरान आईसीपी की ओर से आ रहे ट्रक (संख्या बीआर-30-जीए-1675) को रोका गया। जांच के क्रम में ट्रक के अंदर बने गुप्त तहखाने से 29 बंडलों में छुपाकर रखा गया गांजा बरामद किया गया।
इस दौरान ट्रक चालक संजय कुमार शाह (36 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। वह नेपाल के बारा जिला, कलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत नौतन बहुअरी वार्ड संख्या–05 का निवासी है। पूछताछ में उसने बताया कि गांजा नेपाल से लाकर आईसीपी के रास्ते मुजफ्फरपुर ले जाने की योजना थी। जांच में ट्रक के मालिक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिला अंतर्गत दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जलालाबाद पट्टी निवासी मुसाफिर यादव के पुत्र अरबिंद यादव के रूप में हुई है।
डीएसपी मनीष आनंद ने पत्रकार को बताया कि मामले में कांड संख्या 25/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आगे की जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार
