
रामगढ़, 09 फ़रवरी (हि.स.)। डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से जिले के ट्रांसजेंडर समुदाय को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए सोमवार को सम्मान, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कई निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम में डीसी ने पतरातू प्रखंड अंतर्गत भुरकुंडा क्षेत्र में रह रहे ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उनके जीवन स्तर, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समुदाय की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके समग्र विकास के लिए ठोस कार्य-योजना बनाने का निर्देश दिया।
वहीं डीडीसी आशीष अग्रवाल ने भी भुरकुंडा क्षेत्र का दौरा कर ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों से मुलाकात की। उनके उत्थान के लिए जरूरी पहल पर चर्चा की। प्रशासन की ओर से समुदाय के सदस्यों को ब्यूटीशियन सहित अन्य कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि वे स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें।
जिले में आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रामगढ़ जिला अंतर्गत छतरमांडू स्थित समाहरणालय परिसर में बने पार्क में शीघ्र ही ट्रांसजेंडर कैफे की शुरुआत की जाएगी। यह पहल न केवल रोजगार उपलब्ध कराएगी, बल्कि समाज में समानता और सम्मान का संदेश भी देगी।
डीसी के निर्देश पर समाहरणालय, सदर अस्पताल एवं बस स्टैंड में ट्रांसजेंडर टॉयलेट की स्थापना की गई है। इसका संचालन जल्द शुरू किया जाएगा।
ट्रांसजेंडर समुदाय के समग्र विकास के लिए जिला प्रशासन स्वयं सहायता समूह की दीदियों का भी सहयोग ले रहा है। इनके माध्यम से समुदाय के सदस्यों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज ने कहा कि जिला प्रशासन ट्रांसजेंडर समुदाय के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध है एवं उन्हें समाज की मुख्य धारा में जोड़ने के लिए हर संभव प्रयास जारी रखा जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
