मुंबई, 07 मार्च (हि.स.)। ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके में शनिवार सुबह दो बदमाशों ने एक व्यक्ति पर फायरिंग की और फरार हो गए। इस घटना में मुंब्रा पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे सहायक पुलिस निरीक्षक तेजस सावंत ने मीडिया को बताया कि आज सुबह करीब पांच बजे मुंब्रा स्थित कौसा के अरमान बिल्डिंग परिसर में दो बदमाशों ने नदीम मोइनुद्दीन खान उर्फ बाबा खान पर फायरिंग की। इस घटना में नदीम और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। दोनों को मुंब्रा के कालसेकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान शाहबाद उर्फ शब्बू मुन्ना शमशाद कुरैशी (28) के तौर पर हुई है, जो मुंब्रा का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपित के पास से दो पिस्टल, चार कारतूस और चार मैगजीन बरामद की है ।
पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ दिल्ली के जाफराबाद इलाके के चार थानों में अलग-अलग केस दर्ज हैं। वह तिहाड़ जेल में आठ साल की सजा भी काट चुका है। पुलिस इस घटना में उसके एक और संदिग्ध साथी की तलाश कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
