नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। डस्ट फ्री दिल्ली अभियान के तहत दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के रोहिणी जोन ने स्वच्छता और धूल प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को तेज कर दिया है। रोहिणी जोन की उपायुक्त ऋषिता गुप्ता के अनुसार पूरे जोन में युद्धस्तर पर सफाई और धूल नियंत्रण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

सात मार्च से 12 मार्च तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान रोहिणी जोन ने जमीनी स्तर पर उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। पिछले छह दिनों में कुल 407.25 मीट्रिक टन निर्माण एवं विध्वंस (सी एंड डी) कचरा हटाया गया, जो सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दस गुना अधिक है।
इसके अलावा स्वच्छता टीमों ने पीरागढ़ी से नांगलोई तथा बादली से सिरसपुर क्रॉसिंग के बीच दो रेलवे ट्रैक से 81 मीट्रिक टन लेगेसी वेस्ट हटाया है। यह कुल अनुमानित 173 मीट्रिक टन कचरे का लगभग 45 प्रतिशत है।
धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए रोहिणी जोन में चार मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों की मदद से 89.75 मीट्रिक टन सड़क की धूल हटाई गई। साथ ही प्रमुख सड़कों पर प्रभावी धूल नियंत्रण के लिए 11 स्प्रिंकलर, एंटी-स्मॉग गन और जेटिंग मशीनों की भी तैनाती की गई है।
जोन प्रशासन द्वारा आउटर रिंग रोड और एलजी कॉरिडोर सहित प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है तथा अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को वार्ड-वार नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है और दिन में दो बार रिपोर्टिंग प्रणाली लागू की गई है। इसके साथ ही बेहतर समन्वय के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की वार्ड स्तर पर टीमें भी गठित की गई हैं।
उपायुक्त ऋषिता गुप्ता ने बताया कि नोडल अधिकारियों, डेम्स और मेंटेनेंस विभाग के फील्ड स्टाफ के साथ नियमित समीक्षा बैठकें और लगातार फील्ड निरीक्षण किए जा रहे हैं, ताकि सेकेंडरी कलेक्शन पॉइंट्स की समय पर सफाई, ठोस कचरे का उचित निस्तारण, डंप किए गए मलबे को हटाना और सड़कों की प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी
