कठुआ, 31 जनवरी (हि.स.)। ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूती देने और अंतिम छोर तक सड़क संपर्क सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए जसरोटा विधायक राजीव जसरोटिया और बसोहली विधायक दर्शन सिंह ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के निर्माण एवं रख-रखाव कार्य का विधिवत उद्घाटन किया।

यह सड़क परियोजना बौड़ा रोड के किलोमीटर 7वें बिंदु स्थित एल023 लिंक रोड से अथियाल्ता तक बनाई जाएगी, जिसकी कुल लंबाई 24.95 किलोमीटर है और अनुमानित लागत 68 करोड़ 65 लाख है। इस सड़क के निर्माण से दूर-दराज और अंदरूनी गांवों के लोगों को लंबे समय से प्रतीक्षित राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि यह उन्हें सुरक्षित, टिकाऊ और हर मौसम में चलने योग्य सड़क सुविधा प्रदान करेगी। यह पीएमजीएसवाय सड़क क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य में परिवर्तन लाने वाली साबित होगी। वर्षों से खराब सड़क व्यवस्था के कारण कटे हुए बसेरों को मुख्यधारा से जोड़ते हुए यह परियोजना यात्रा समय को कम करेगी और ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं, शैक्षणिक संस्थानों, बाजारों तथा सरकारी योजनाओं तक सुगम पहुंच उपलब्ध कराएगी, जिससे जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक राजीव जसरोटिया ने इसे जसरोटा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह सड़क परियोजना विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर खोलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से कृषि, बागवानी और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, वहीं विद्यार्थियों, मरीजों और कामकाजी लोगों की दैनिक आवाजाही भी आसान होगी। विधायक जसरोटिया ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति दिलाने में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की व्यक्तिगत रुचि और सक्रिय हस्तक्षेप के लिए गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ. जितेंद्र सिंह की विकासोन्मुखी सोच और निरंतर निगरानी के कारण वर्षों से लंबित जन-आकांक्षा आज साकार हो सकी है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के समावेशी विकास और जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती एवं पहाड़ी क्षेत्रों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल और सामाजिक बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई और परियोजनाएं शीघ्र शुरू होने वाली हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दर्शन सिंह ने इस सड़क को ग्रामीण और सीमावर्ती गांवों के लिए जीवनरेखा बताया। उन्होंने जसरोटा नेतृत्व के साथ समन्वय बनाकर बसोहली और आसपास के क्षेत्रों में संतुलित और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर डीडीसी बरनोटी सुषमा देवी, बीडीसी चेयरमैन सुषमा, मंडल प्रधान जसरोटा बलवंत सिंह, मंडल प्रधान लोगेट सुरिंदर सिंह, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा काजल राजपूत सहित अनेक सरपंच, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
