हमीरपुर, 08 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ उरई मार्ग पर जरिया थाना के चुरहा मोड़ के पास रविवार को चिकासी थाना पुलिस की जीप अनियंत्रित होकर पलट गई हादसे में चिकासी थाने में तैनात गार्ड ब्रजेंद्र कुमार (55) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सब इंस्पेक्टर मोहित देव (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

थाना प्रभारी मयंक चंदेल ने बताया कि दरोगा मोहित देव रविवार को गार्ड के साथ राठ कस्बे में एक मामले में शव का पोस्टमार्टम कराने गए थे। पोस्टमार्टम के बाद दोनों दोपहर में चिकासी थाने लौट रहे थे। इसी दौरान चुरहा मोड़ के पास सरकारी जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में गार्ड बृजेंद्र की मौके पर मौत हो गई है तथा दरोगा मोहित देव को गंभीर चोटें हैं। जिनको सीएचसी गोहांड से उरई रिफर किया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीओ सरीला शाहरुख खान ने बताया कि चिकासी थाने की ओर लौटते समय सामने से आ रही एक बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया।
इसी दौरान जीप का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। सूचना मिलते ही जरिया थाना प्रभारी दिनेश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य कराया। घायल दरोगा को इलाज के लिए सीएचसी गोहांड में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं मृतक गार्ड के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ ही वाहन की स्थिति और अन्य पहलुओं को भी देखा जा रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
