रायगढ़, 07 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनूमुड़ा देवारपारा में आज शनिवार काे पुलिस द्वारा गांजा तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए ढाई लाख का गांजा के साथ एक आराेपित काे गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोविंद भट्ट उर्फ बुटू ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लाकर अपने घर में छुपाकर अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक भागीरथी चौधरी एवं हमराह स्टाफ के साथ तत्काल टीम गठित कर आरोपित के मकान सोनूमुडा देवारपारा की घेराबंदी कर गवाहों की मौजूदगी में छापामार कार्रवाई की गई।

तलाशी के दौरान मकान के भीतर रखी एक पेटी से 7 किलो 300 ग्राम तथा एक डिब्बे से 5 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह कुछ दिन पूर्व बिक्री हेतु गांजा लेकर आया था। मौके से गांजा बिक्री की 3500 रुपये नगद राशि भी जब्त की गई। आरोपित के कब्जे से कुल 12 किलो 400 ग्राम गांजा (अनुमानित कीमत दाे लाख 50 हजार) एवं 3500 रुपये नगद जब्त कर थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 41/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान
