बरेली, 08 अप्रैल (हि.स.)। बरेली के परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित झुमका तिराहे पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप ने साइकिल सवार बुजुर्ग को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई और पलट गई। हादसे के बाद पुलिस कार्रवाई से ज्यादा क्षेत्राधिकार को लेकर उलझती नजर आई।

फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव धनतिया निवासी 70 वर्षीय चंद्रपाल गंगवार परसाखेड़ा स्थित एक कार शोरूम के गोदाम में ड्यूटी करते थे। रोजाना की तरह बुधवार सुबह करीब छह बजे वह साइकिल से ड्यूटी कर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह झुमका तिराहे के पास पहुंचे, तभी बिलवा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही मुर्गियों से भरी पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चंद्रपाल सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई और सड़क पर पलट गई। हादसे में पिकअप में भरी बड़ी संख्या में मुर्गियों की भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को भी कब्जे में ले लिया गया है। हादसे के बाद परसाखेड़ा चौकी पुलिस और फतेहगंज पश्चिमी पुलिस के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर असमंजस बना रहा। दोनों पक्ष घटना स्थल को अपने-अपने क्षेत्र से बाहर बताते रहे, जिससे कार्रवाई और पोस्टमार्टम प्रक्रिया में भी देरी हुई।
मृतक चंद्रपाल गंगवार अपने परिवार के मुखिया थे। परिवार में पत्नी सावित्री देवी, पुत्र हरेंद्र गंगवार और पुत्री सोनिया हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
