पश्चिमी सिंहभूम, 14 मार्च (हि.स.)। जिले के तांतनगर ओपी क्षेत्र के कोकचो पंचायत में शनिवार को बाइक दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना मिलते ही तांतनगर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को एंबुलेंस की मदद से चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार तीनों युवक झींकपानी के साप्ताहिक बाजार से एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव रायकोला लौट रहे थे। इसी दौरान कोकचो पंचायत के चिमीसाई स्थित पुराने पंचायत भवन के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सीधे पंचायत भवन की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और कुछ ही क्षणों में तीनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रायकोला गांव निवासी सुनील कुंकल, चोगो कुंकल और चैतन कुंकल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चोगो कुंकल हाल ही में गुजरात से अपने घर लौटा था और शनिवार को अपने साथियों के साथ झींकपानी बाजार गया था। बाजार से लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार बाइक काफी तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक सीधे दीवार से जा टकराई।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
