हैदराबाद, 21 मार्च (हि.स.)। राजधानी हैदराबाद सहित पूरे तेलंगाना राज्य में ईद-उल-फितर का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राज्यभर की ईदगाहों और मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई।

हैदराबाद में सबसे बड़ा जमावड़ा ईदगाह मीर आलम में देखने को मिला, जहां सुबह की नमाज में लगभग दो लाख लोग शामिल हुए। वहीं, मक्का मस्जिद में खतीब मौलाना हाफिज मुफ्ती रिजवान कुरैशी ने ईद की नमाज अदा करवाई।
पुराने शहर स्थित मक्का मस्जिद, कदीम ईदगाह मदनपेट, मस्जिद वज़ीर अली, मासाब टैंक हॉकी ग्राउंड, जामिया मस्जिद मुशीराबाद और फर्स्ट लांसर स्थित ईदगाह में भी बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। वनस्थलीपुरम् मस्जिद में भी सुबह से ही रौनक देखने को मिली।
सुबह से ही पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चे, युवा और बुजुर्ग नमाज अदा करने के लिए ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचने लगे थे। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी ईदगाह मीर आलम में नमाज अदा की और लोगों से मिलकर उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं।
ईदगाह मीर आलम में जहां वक्फ बोर्ड की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों को ईद की बधाई दी।
शहर में चारों ओर उत्सव का माहौल है। लोग अपने रिश्तेदारों और मित्रों के घर जाकर खुशियां साझा कर रहे हैं। घरों में मेहमानों का स्वागत पारंपरिक व्यंजनों ‘शीरखुरमा’ और ‘बिरयानी’ से किया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj
