फिरोजाबाद, 11 मार्च (हि.स.)। राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी ने निरीक्षण भवन में बुधवार को पीड़ित महिलाओं की समस्याओं की सुनवाई की। जिसका मुख्य उद्देश्य पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था।

जनसुनवाई के दौरान सदस्य महिला आयोग मीना कुमारी ने सम्बंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए की महिलाओं से संबंधित जो भी शिकायतें लंबित हैं, उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र किया जाए, पुलिस प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा कि थानों में आने वाली महिलाओं की शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और गंभीर मामलों में बिना किसी देरी के एफ0आई0आर0 दर्ज की जाए। जनसुनवाई के दौरान कुल आठ शिकायतें आई, इन मामलों में घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न और संपत्ति विवाद जैसे विभिन्न गंभीर प्रकरण सामने आए, महिला आयोग की सदस्य ने एक-एक कर सभी पीड़ित महिलाओं से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को बेहद गंभीरता पूर्वक सुना। उन्होंने अंत में कहा कि हमारा लक्ष्य है कि कोई भी पीड़ित महिला न्याय की आस में भटकने को मजबूर न हो, प्रशासन और पुलिस से समन्वय बनाकर महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों के लिए तत्पर रहना होगा।
इस दौरान उप जिलाधिकारी अनुराधा सिंह, जिला प्रोवेशन अधिकारी मिथिलेश कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर इत्यादि आदि अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़
