दमोह, 24 फ़रवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में कानून-व्यवस्था एवं औद्योगिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने बड़ा एहतियाती कदम उठाया है। हाईडलबर्ग सीमेंट की नरसिंहगढ़ एवं इमलाई स्थित फैक्ट्रियों के 1000 मीटर दायरे में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर दिए गए हैं। यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत पारित किया गया है।

नगर पुलिस अधीक्षक दमोह के प्रतिवेदन पर अनुविभाग पथरिया अंतर्गत ग्राम नरसिंहगढ़ स्थित फैक्ट्री क्षेत्र में अनुविभागीय दंडाधिकारी पथरिया निकेत चौरसिया द्वारा आदेश जारी किया गया। आदेश के अनुसार 1000 मीटर की परिधि में बिना सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति कोई भी धार्मिक, सामाजिक प्रदर्शन, जुलूस, रैली, शोभायात्रा, ज्ञापन सभा या सामूहिक आयोजन आयोजित नहीं किया जा सकेगा। सार्वजनिक स्थलों पर नारेबाजी, पोस्टर, बैनर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार का उकसाने वाला भाषण, प्रचार-प्रसार या माहौल बिगाड़ने वाली गतिविधियां निषिद्ध रहेंगी। सोशल मीडिया पर किसी दल, धर्म, जाति, संस्था या व्यक्ति के विरुद्ध आपत्तिजनक सामग्री साझा करने पर भी रोक लगाई गई है। आदेश के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु थाना प्रभारी दमोह देहात, तहसीलदार/कार्यपालिक दंडाधिकारी, राजस्व निरीक्षक एवं संबंधित विभागों को सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
इमलाई क्षेत्र में भी समान प्रतिबंध
इसी प्रकार अनुविभागीय दंडाधिकारी दमोह आर.एल. बागरी द्वारा अनुभाग दमोह अंतर्गत ग्राम इमलाई स्थित फैक्ट्री परिसर से 1000 मीटर की सीमा में समान प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किया गया है। यहां भी बिना अनुमति किसी प्रकार का सामूहिक आयोजन, जुलूस या प्रदर्शन प्रतिबंधित रहेगा।
उल्लेखनीय है कि गत दिवस फैक्ट्री प्रबंधन ने पत्रकारों के समक्ष औद्योगिक सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की थी। प्रबंधन का कहना था कि हाल के आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों के कारण उत्पादन कार्य एवं कर्मचारियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। प्रबंधन ने प्रशासन से आंदोलनकारियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने, औद्योगिक क्षेत्र में शांति सुनिश्चित करने तथा उत्पादन में बाधा न आने देने की मांग की थी। जिसके बाद प्रशासन ने साफ किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार औद्योगिक शांति, जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव
