पटना, 04 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के दरभंगा में हुई करोड़ों की ज्वेलरी लूट के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। जांच के दौरान पुलिस ने दरभंगा-मुजफ्फरपुर हाईवे से दो संदिग्ध बाइक बरामद की हैं, जिससे मामले के जल्द खुलासे की उम्मीद बढ़ गई है।

दरअसल, नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स में हुई लूट के बाद पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई थी। इसी क्रम में दरभंगा-मुजफ्फरपुर फोरलेन के पास सिमरी थाना क्षेत्र के मनिहास गांव के समीप एक बगीचे में दोनों बाइक हेल्मेट के साथ खड़ी मिलीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ये बाइक शुक्रवार से ही वहां खड़ी थीं, लेकिन देर रात तक कोई उन्हें लेने नहीं पहुंचा। इससे संदेह होने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बाइकों को जब्त कर लिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक बाइक पर उत्तर प्रदेश और दूसरी पर मध्य प्रदेश का नंबर दर्ज है। दोनों बाइक नई बताई जा रही हैं। वहीं, जांच में यह भी पता चला है कि एक बाइक बेगूसराय से चोरी की गई थी, जिसकी एफआईआर पहले से दर्ज है।
वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बताया कि बरामद बाइकों का सत्यापन कराया जा रहा है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को दिनदहाड़े चार बदमाशों ने प्रेम ज्वेलर्स दुकान में घुसकर संचालक को अंदर बंद कर दिया था। इसके बाद हथियार के बल पर करीब दो करोड़ रुपये के आभूषण और 25 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद से पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। बरामद बाइकों को इस लूटकांड से जोड़कर देखा जा रहा है, जो जांच में अहम कड़ी साबित हो सकती है।
————-
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी
