बांदा, 12 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अतर्रा क्षेत्र में दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर एक शादी टूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने लड़के और उसके परिजनों पर दहेज में दिए जाने वाले सामान के बदले तीन लाख रुपये नकद की मांग करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना अतर्रा में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

अतर्रा थाना क्षेत्र के तेरा-ब निवासी मोहन लाल साहू ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री सीमा साहू की शादी बजरंग नगर अतर्रा निवासी हर्षित साहू पुत्र मुन्नूलाल साहू के साथ तय की थी। पीड़ित के अनुसार 2 अप्रैल 2025 को वरीक्षा के दौरान उन्होंने एक सोने की अंगूठी के साथ लगभग 1.50 लाख रुपये कपड़ों आदि पर खर्च किए थे। इसके बाद 1 मार्च 2026 को तिलक समारोह में करीब 1.80 लाख रुपये कीमत की अपाचे मोटरसाइकिल और 2.51 लाख रुपये नकद दिए गए थे।
मोहन लाल साहू का कहना है कि विवाह की तिथि तय होने के बाद उन्होंने बारात के स्वागत के लिए मिथलेश मैरिज हाल, अतर्रा को लगभग 60 हजार रुपये में डेकोरेशन सहित बुक कराया था। 11 मार्च 2026 को शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे लड़के के पिता मुन्नूलाल साहू, भाई कमल और कृष्णा मैरिज हाल पहुंचे और दहेज में दिए जाने वाले घरेलू सामान के बदले 3 लाख रुपये नकद की मांग करने लगे।
पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने नकद राशि देने में असमर्थता जताई और सामान देने की बात कही तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि रुपये नहीं दिए गए तो बारात नहीं आएगी। इसके बाद बारात नहीं आई।
मोहन लाल साहू का आरोप है कि रात करीब 8 बजे लड़का हर्षित साहू अपने पिता और भाइयों समेत करीब 20-25 लोगों के साथ लाठी-डंडे लेकर मैरिज हाल पहुंचा और झगड़ा करने लगा। डर के कारण पीड़ित पक्ष ने मैरिज हाल का दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित के मुताबिक इस पूरी शादी की तैयारी में करीब 10.50 लाख रुपये खर्च हो चुके थे। इस घटना से परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ सामाजिक प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंची है। पीड़ित ने थाना अतर्रा में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में गुरुवार को क्षेत्राधिकारी अतर्रा प्रवीण कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर अभियोग पंजीकृत किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह
