मुंबई, 07 फरवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से ठगी करने वाले 7 टैक्सी चालकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और चार टैक्सियों को बरामद किया है। इस मामले की गहन छानबीन माटुंगा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

माटुंगा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दादासाहब घुटुकड़े ने शनिवर को बताया कि 24 और 26 जनवरी को दो यात्रियों से 1800 और 2000 रुपये की ठगी की गई थी। इसकी शिकायत मिलने के बाद माटुंगा पुलिस स्टेशन की टीम ने गहन छानबीन शुरु किया। इसी कार्रवाई के दौरान अब तक सात टैक्सी चालकों को गिरफ्तार किया गया है और चार टैक्सी जब्त की गई हैं। दादर रेलवे स्टेशन पर ठगी करने वाले टैक्सी चालकों की छानबीन जारी है। घुटुकड़े ने आम नागरिकों से इस तरह की ठगी की शिकायत तत्काल पुलिस स्टेशन में करने की अपील की है।

स्थानीय सूत्रों ने बताया कि दादर रेलवे स्टेशन पर आरोपित टैक्सी चालक सुबह-सुबह प्लेटफॉर्म पर आने वाले यात्रियों को मीठी बातों में फंसाकर स्टेशन के बाहर अपनी टैक्सी तक ले जाते थे। वहां पहले से मौजूद 2-3 साथी चालक मिलकर यात्रियों से 500 रुपये का नोट दिखाने के लिए कहते थे। इसके बाद हाथ की सफाई से नोट बदलकर उसे 100 रुपये बताकर वापस करते और असली 500 रुपये का नोट टैक्सी में ही गिरा देते थे। टैक्सी के अंदर साफ दिखाई न दे, इसके लिए नीली लाइट लगाई जाती थी। इसी तरह 24 जनवरी और 26 जनवरी को हुई दो अलग-अलग घटनाओं में दो यात्रियों से क्रमश: 1800 रुपये और 2000 रुपये की ठगी की गई थी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
