अहमदाबाद, 17 फ़रवरी (हि.स.)। गुजरात के दाहोद–अहमदाबाद हाइवे पर मंगलवार तड़के एक गंभीर सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा लिमखेड़ा के पास 26 माइल स्टोन के निकट हुआ, जहां एक कार डिवाइडर से टकराने के बाद नियंत्रण खो बैठी और बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार कार दाहोद की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने आए ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। कार पहले डिवाइडर पर चढ़ गई और बाद में सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे व्यक्ति को उपचार के लिए लिमखेड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
स्थानीय पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान महाराष्ट्र के पुणे निवासी अलीशेख चौधरी और सचिन बिरादार के रूप में हुई है, जबकि तीसरे मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे
