कूचबिहार, 01 मार्च (हि. स.)। दिनहाटा में रविवार को 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली की तार की चपेट में आने से एक कारखाने में काम कर रहे पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। हादसा दिनहाटा थाना अंतर्गत दिनहाटा विलेज-2 ग्राम पंचायत अंतर्गत गड़ेर माथा इलाके में स्थित एक पत्थर काटने की फैक्ट्री में हुआ।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, मृतकों की पहचान मुकुल बर्मा, राजू सेन, मितुन पाल, सुमन और संजय बर्मन के रूप में हुई है। सभी मृतक कूचबिहार जिले के निवासी थे।

मिली जानकारी के अनुसार, काम के दौरान एक मिक्सर मशीन के लोहे के हिस्से पर अचानक 11 हजार वोल्ट की बिजली की तार गिर गई। इसके चलते वहां काम कर रहे मजदूर करंट की चपेट में आए और मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई।
घटना की जानकारी पाकर दिनहाटा थाने के आईसी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पांचों शवों को बरामद कर स्थानीय अस्पताल भेजा गया।
दिनहाटा के एसडीपीओ प्रशांत देवनाथ ने बताया कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रहे लिफ्ट/मशीन में करंट फैलने से यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतकों में तीन वेटागुड़ी और दो ओकराबाड़ी इलाके के निवासी थे।
हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे।
प्रशासन ने कहा है कि दुर्घटना के कारणों और किसी की लापरवाही की विस्तृत जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
