खड़गपुर, 0३ मार्च (हि. स.)। खड़गपुर सदर के भाजपा नेता दिलीप घोष ने मालदा में न्यायिक अधिकारियों को घेरने की घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस की कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि हम शुरू से कह रहे हैं कि बंगाल में कोई कानून-व्यवस्था नहीं है।

शुक्रवार को खड़गपुर में पत्रकारों से बातचीत में दिलीप घोष ने कहा कि हार का डर तृणमूल को स्पष्ट रूप से विचलित कर रहा है और इसी कारण वे विभिन्न जगहों पर हिंसा का सहारा ले रहे हैं। ऐसी घटनायें भी हुई हैं जहां चुनाव आयोग के अधिकारियों को घेरकर काले झंडे दिखाए गए, जो कानून-व्यवस्था की पूरी गिरावट का संकेत है। बल प्रयोग, डर दिखाना और गुंडागर्दी के जरिए तृणमूल चुनाव जीतने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि न्यायाधीशों को घेरा जा रहा है और उन पर हमले हो रहे हैं। ऐसा बार-बार हो रहा है। जब न्यायाधीश अपने कर्तव्यों का पालन नहीं कर पा रहे और उनके काम में बाधा डाली जा रही है, तो कानून व्यवस्था कहां है? बंगाल में कानून व्यवस्था कहां है?
दिलीप घोष ने कहा, अब प्रशासन चुनाव आयोग के नियंत्रण में है। तो फिर ममता बनर्जी क्यों सोच रही हैं कि सब कुछ उनके अनुसार चलेगा? सब कुछ आयोग के अधिनियम और निर्देशों के अनुसार ही होगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
