नई दिल्ली, 22 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की इंटर-स्टेट सेल ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से 144 बोतल (12 कार्टन) महंगी विदेशी शराब और एक कार जब्त की गई है।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त आदित्य गौतम ने रविवार को बताया कि इस संबंध में 20 मार्च 2026 को क्राइम ब्रांच थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/58 के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान वेस्ट पंजाबी बाग निवासी नमन कोहली (35) के रूप में हुई है।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार, क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गुरुग्राम से सस्ती दरों पर विदेशी शराब लाकर दिल्ली में अवैध रूप से सप्लाई कर रहा है। सूचना के आधार पर 19 मार्च को वेस्ट पंजाबी बाग इलाके में रोड नंबर-40 स्थित पार्किंग के पास जाल बिछाया गया। जैसे ही संदिग्ध अपनी कार के पास पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपित की कार से 144 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई, जिनमें ग्लेनफिडिक सिंगल माल्ट, सिवास रीगल और मंकी शोल्डर जैसे प्रीमियम ब्रांड शामिल हैं। आरोपित के पास शराब के परिवहन और भंडारण से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं पाया गया।
पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि वह गुरुग्राम से कम कीमत पर शराब खरीदकर दिल्ली में ऊंचे दामों पर बेचता था, जिससे उसे भारी मुनाफा होता था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित पहले भी आबकारी अधिनियम के एक मामले में गुरुग्राम में शामिल रहा है।
पुलिस ने शराब की खेप को जब्त कर लिया है और तस्करी में इस्तेमाल की गई एमजी हेक्टर कार को भी कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
———–
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
