नूंह, 08 फ़रवरी (हि.स.)। नूंह जिले में दिल्ली-मुंबई बड़ौदा एक्सप्रेस-वे पर एक ट्रक कंटेनर का लापरवाही और खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नूंह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है । पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो में ट्रक चालक द्वारा वाहन को तेजी से लहराते हुए चलाने और स्टंट करने के दृश्य कैद हुए थे, जिससे अन्य यात्रियों की जान को खतरा पैदा हो गया था।

पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि घटना जिले के फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर हुई। यह मामला 3 फरवरी की शाम का है, जब चैनल नंबर 74 के पास गांव रीगड़ के निकट ट्रक कंटेनर चालक ने लापरवाही से ट्रक को चलाया। वीडियो व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने संज्ञान लिया और ट्रक के नंबर को चिन्हित कर जांच शुरू की । जांच के दौरान चालक की पहचान साबिर के रूप में हुई, जो राजस्थान के अलवर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र का निवासी है । पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि चालक के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। ऐसे कार्यों से न केवल अन्य वाहन चालकों की जान को खतरा होता है, बल्कि बड़े हादसे का कारण भी बन सकते हैं। गनीमत रही कि इस बार कोई दुर्घटना नहीं हुई। पुलिस अधीक्षक नूंह के निर्देश पर एक्सप्रेस-वे पर यातायात पुलिस सतर्क है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया
