नई दिल्ली, 30 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली सरकार ने दिल्ली जल बोर्ड की लेट पेमेंट सरचार्ज (एलपीएससी) माफी योजना को 15 अगस्त तक बढ़ाने की घोषणा की है।

दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग अपने पानी के बिलों का भुगतान करना चाहते हैं लेकिन पिछली सरकार लोगों को डराने के लिए छोटे-छोटे घरों को भी लाखों के पानी के बिल भेजे और चुनाव के दौरान उन बिलों को माफ करने के नाम पर झूठ बोला गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों की शिकायतों और अनुरोधों पर विचार करते हुए एलपीएससी योजना को 15 अगस्त तक बढ़ाने का फैसला लिया है। यह योजना पहली और आखिरी बार बढ़ाई जा रही है।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि पूरी व्यवस्था को नवीनतम रखने के लिए सभी व्यक्तियों का केवाईसी सत्यापन भी कराया जा रहा है। सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि प्रत्येक उपभोक्ता की जानकारी, जिसमें उनका मोबाइल नंबर और घर का पता शामिल है, सटीक हो।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव
