उत्तर 24 परगना, 09 फ़रवरी (हि. स.)। जिले के बादुरिया थाना इलाके में एक दिव्यांग युवती से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने युवती को घर से बाहर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना को लेकर सोमवार को इलाके में तनाव का माहौल देखा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित युवक और उसके परिवार के सदस्य फिलहाल फरार हैं।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, रविवार रात दिव्यांग युवती अपने घर की बरामदे में बैठी थी। उसी समय एक स्थानीय युवक घर के सामने की सड़क से गुजर रहा था, जिससे युवती की पहले से जान-पहचान थी। आरोप है कि युवती को घर में अकेला देखकर युवक ने इशारे से उसे बाहर बुलाया। युवती ने उस पर भरोसा कर घर से बाहर कदम रखा। इसके बाद आरोपित उसे घर से थोड़ी दूरी पर स्थित एक लौकी के खेत में ले गया, जहां कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

जब युवती काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ समय बाद परिजन उसे लौकी के खेत से बरामद कर घर लाए। युवती की शारीरिक हालत देखकर परिजनों ने उससे पूछताछ की और इसके बाद बादुरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सोमवार को पुलिस ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर पड़ोसी युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। हालांकि, आरोपित युवक और उसके परिवार के सदस्य घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस विभिन्न स्थानों पर उनकी तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
