
रामगढ़, 12 अप्रैल (हि.स.)।

श्री दिगंबर जैन समाज रामगढ़ के तत्वावधान में रविवार को दो दीक्षार्थियों का जिनालय पहुंचने पर सामाजिक अभिनंदन किया गया।
उल्लेखनीय है कि जैन धर्म के शाश्वत तीर्थ श्री सम्मेद शिखरजी स्थित गुणायतन परिसर में 18 अप्रैल को परम पूज्य मुनिश्री 108 प्रमाणसागर जी के सानिध्य में भव्य जैनेश्वरी दीक्षा समारोह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जैन समाज के अध्यक्ष राजेंद्र चूड़ीवाल और सचिव योगेश सेठी ने संयुक्त रूप से बताया कि जिनालय में आए हुए दोनों बाल ब्रह्मचारी सौरभ और रूपेश दीक्षार्थी हैं। 18 अप्रैल को आयोजित होने वाले जैनेश्वरी दीक्षा समारोह में दोनों जैन मुनि बनने की ओर अग्रसर हैं। योगेश सेठी ने बताया कि जैन धर्म संयम, तप एवं त्याग पर आधारित है। हमारे इन दोनों युवा तपस्वियों की साधना पर हमारे समस्त समाज को गर्व है। उन्होंने बताया कि आज का युवा उच्च शिक्षा प्राप्त कर ऊँची-ऊँची नौकरी पाने को लालायित रहता है, लेकिन युवाओं ने दीक्षा प्राप्त कर साधना के मार्ग का चयन किया जो अति प्रशंसनीय है और समस्त रामगढ़ समाज उनके निर्णय की बारम्बार अनुमोदना करता है। इन साधकों के सम्मान में उनके आगमन पर सर्वप्रथम उनसे अभिषेक एवं शांतिधारा कराई गई। इसके समिति ने उनका सामाजिक अभिनंदन किया। अभिनंदन के बाद सुसज्जित बग्गी में उन्हें बैठाकर बिन्दौरी उत्सव आयोजित किया गया। नगर भ्रमण के बाद दीक्षार्थियों की गोद भराई का कार्यक्रम हुआ। इसके बाद दीक्षार्थियों की आहार चर्या की व्यवस्था पद्मचंद जैन, विद्याप्रकाश जैन, पद्मचंद जैन के आवास पर की गई।
कार्यक्रमों में समाज के पुरुष और महिला सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सचिव ने कार्यकारिणी समिति की तरफ से सभी का आभार प्रकट किया। उक्त कार्यक्रम की जानकारी जैन समाज के मीडिया प्रभारी श्रवण जैन ने दी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
