मेदिनीपुर, 01 अप्रैल (हि. स.)। जिले के दीघा समुद्र तट पर बुधवार सुबह स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। समुद्र में नहाने उतरे दो पर्यटक तेज लहरों की चपेट में आकर डूबने लगे। मौके पर मौजूद बचावकर्मियों (समुद्र तट के लाइफगार्ड) ने तुरंत समुद्र में कूदकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह न्यू दीघा के क्षणिका घाट पर 48 वर्षीय सुनील मुखर्जी अपनी 16 वर्षीय नातिन सोयाना मुखर्जी के साथ समुद्र में स्नान करने उतरे थे। इसी दौरान तेज लहरों के कारण सोयाना पानी के बहाव में बहने लगी। उसे बचाने के लिए सुनील भी आगे बढ़े, लेकिन वे भी गहरे पानी में चले गए और दोनों डूबने लगे। स्थिति गंभीर होते देख समुद्र तट पर तैनात बचावकर्मियों ने तुरंत समुद्र में उतरकर दोनों को बाहर निकाला। बाद में दोनों को इलाज के लिए दीघा स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पूर्व मेदिनीपुर के जिलाधिकारी निरंजन कुमार ने बताया कि मौके पर मौजूद बचावकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पर्यटकों को बचा लिया। उन्होंने कहा कि समुद्र तट पर पुलिस की निगरानी और कड़ी की जा रही है। कई बार पर्यटक चेतावनी और सुरक्षा व्यवस्था को नजरअंदाज कर समुद्र में उतर जाते हैं, जिससे ऐसी घटनाएं सामने आती हैं।
उल्लेखनीय है कि 29 मार्च को ओडिशा के तालसारी समुद्र तट पर एक धारावाहिक की शूटिंग के दौरान अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की समुद्र में डूबने से मौत हो गई थी। इसके बाद समुद्र तटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
