पूर्वी सिंहभूम, 12 मार्च (हि.स.)। आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल और पूर्णिमा नेत्रालय के संयुक्त सहयोग से चलाए जा रहे दृष्टि सेवा महाअभियान के अंतर्गत 20 मोतियाबिंद मरीजों की दोनों आंखों की सफल फेको सर्जरी कर नि:शुल्क लेंस प्रत्यारोपण किया गया। करीब एक महीने की अवधि में सभी मरीजों का ऑपरेशन कर उन्हें नई रोशनी दी गई।

सर्जरी के बाद मरीजों को गुरुवार को जरूरी दवाइयां और चश्मा भी उपलब्ध कराया गया और उनका स्वागत किया गया। इस अभियान के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर नेत्र उपचार की सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है।
आनंद मार्ग आयुष्मान भारत योजना और डीबीसीएस यानी राष्ट्रीय अंधत्व निवारण और नियंत्रण कार्यक्रम के सहयोग से पिछले कई वर्षों से दृष्टि सेवा अभियान चला रहा है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क नेत्र जांच और उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसी क्रम में 19 मार्च को आनंद मार्ग जागृति, गदरा शिव मंदिर के पास आंखों से संबंधित बीमारियों की जांच के लिए विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
