देवरिया, 05 अप्रैल (हि.स.)। देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी को चाकू मार कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतका की पहचान महुआडीह थाना क्षेत्र के सहोदर पट्टी के रहने वाली अंजली पुत्री मलखा प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दो संदिग्ध युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक अंजली अपनी बड़ी बहन और छोटे भाई के साथ सहोदर पट्टी चौराहे पर मोबाइल ठीक कराने जा रही थी। रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बात मारपीट तक पहुंच गई।
इसी दौरान एक युवक ने चाकू निकाल लिया, जिसके बाद तीनों भाई-बहन वहां से जान बचाकर भागने लगे। आरोपियों ने अंजली का पीछा किया और पास के गेहूं के खेत में पकड़ लिया। वहां उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी।
बहन और भाई घरवालों को सूचना देने के लिए दौड़े। इसी बीच आरोपी दोबारा मौके पर लौटे और अंजली पर फिर हमला कर उसकी हत्या कर दी, फिर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। जल्द ही गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में भी तनाव का माहौल बना हुआ ।
रामपुर कारखाना थानेदार देवेन्द्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक
