प्रयागराज, 26 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक विभाग द्वारा गुरुवार को मां अलोप शंकरी देवी मंदिर में भक्तिगीत गाये गये। मां के दरबार में इस प्रस्तुति ने मंदिर परिसर मां के जयकारे से गूंज उठा। भक्तिमय संगीत से मंदिर परिसर में मौजूद भक्त झूम उठे।

कार्यक्रम की मुख्य कलाकार निकिता कुशवाहा एवं उनकी टीम ने देवी गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। उनकी मधुर और संगीतमयी प्रस्तुति से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा और उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
कार्यक्रम के दौरान देवी भक्ति से ओतप्रोत गीतों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा और कार्यक्रम देर तक भक्ति रस में डूबा रहा।
संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करना है, बल्कि लोक संस्कृति एवं परंपराओं को बढ़ावा देना भी है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
