जयपुर, 14 मार्च (हि.स.)। नगरीय विकास विभाग के प्रमुख शासन सचिव देबाशीष पृष्टि ने शनिवार को जयपुर में द्रव्यवती नदी के जल को स्वच्छ बनाए रखने तथा अशोधित सीवर को नदी में जाने से रोकने के लिए चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन, निदेशक (अभियांत्रिकी) प्रथम देवेन्द्र गुप्ता, संबंधित अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रमुख शासन सचिव को अवगत कराया कि दहलावास एसटीपी को जाने वाली सीवर लाइन में क्षमता से अधिक सीवर पहुंचने के कारण अतिरिक्त सीवर को डायवर्ट कर द्रव्यवती नदी में प्रवाहित किया जा रहा था। इस समस्या के समाधान के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था के तहत नई सीवर पाइपलाइन डालने का कार्य शुरू किया गया है।
इस नई पाइपलाइन के माध्यम से अतिरिक्त सीवर को पहले से स्थापित 100 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी से जोड़ा जा रहा है, जिससे सीवर का समुचित शोधन सुनिश्चित हो सके और द्रव्यवती नदी में प्रदूषण रोका जा सके।
प्रमुख शासन सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह कार्य जून तक हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप द्रव्यवती नदी के जल को स्वच्छ बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिल सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
