धमतरी, 10 फ़रवरी (हि.स.)। रिलायंस इंस्टीट्यूट एवं फ़्लोरेंस कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग के प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने मंगलवार को सार्थक स्कूल का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों का प्रत्यक्ष अवलोकन करना रहा।

भ्रमण के दौरान आगंतुक विद्यार्थियों ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संवाद किया और समावेशी शिक्षा, कौशल विकास तथा मूल्य आधारित शिक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियाँ सभी को अत्यंत प्रभावशाली लगीं। आगंतुकों ने सार्थक स्कूल द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे समर्पित प्रयासों की प्रशंसा करते हुए विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर फ़्लोरेंस कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग के प्राचार्य डेविड तथा सार्थक स्कूल धमतरी की इंचार्ज मैथली गोड़े का मार्गदर्शन विशेष रूप से प्राप्त हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
