

धार, 10 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार शहर की अर्जुन कॉलोनी में मंगलवार को एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। मृतका की पहचान शारदा के रूप में हुई है, जो पाटीदार चौराहे स्थित एक निजी क्लिनिक में कार्यरत थी। पुलिस को मौके से कई पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय शारदा घर पर अपने भाई के बच्चों के साथ खेल रही थी। कुछ देर बाद बच्चों के रोने की आवाज सुनकर उसकी भाभी कमरे में पहुंची, जहां शारदा फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। परिजनों और पड़ोसियों की मदद से उसे तत्काल जिला भोज चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस को कमरे से कई पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। बताया जा रहा है कि नोट में शारदा ने महेश प्रजापत नामक युवक पर अपनी जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई थी और करीब चार वर्षों तक दोनों के बीच संबंध रहे। बताया गया है कि जब युवती के परिवार ने उसके विवाह के लिए रिश्ता तय किया तो युवक ने शादी से इंकार कर दिया। बाद में जब युवती ने दूसरी जगह शादी के लिए सहमति दी तो युवक ने उसे रिश्ता तोड़ने के लिए दबाव बनाया और भविष्य में शादी करने का आश्वासन दिया। युवती ने उसके भरोसे पर अपना तय रिश्ता भी तोड़ दिया, लेकिन बाद में युवक अपने वादे से पीछे हट गया।
परिजनों के अनुसार युवती के मोबाइल फोन में मिली व्हाट्सएप चैट और सुसाइड नोट की बातें काफी हद तक एक जैसी हैं। चैट में दोनों के फोटो और वीडियो भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले युवती ने फंदे के साथ अपनी एक फोटो खींचकर युवक को भेजी थी।
कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने सुसाइड नोट, मोबाइल चैटिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जब्त कर लिया है। पूरे मामले की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi
