नई दिल्ली, 11 मार्च (हि.स.)। नई दिल्ली वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री 2026 के पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा साबित किया। राजधानी में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत के एथलीटों ने ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं में कई पदक जीतते हुए मजबूत शुरुआत की।

हाई जंप में भारत का क्लीन स्वीप
पुरुष हाई जंप टी42 स्पर्धा में शैलेश कुमार ने 1.84 मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं रामसिंगभाई गोव पाधियार ने 1.65 मीटर के साथ रजत और लोकेश मंत्रा ने 1.60 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुष हाई जंप टी44 स्पर्धा में भी भारत का दबदबा रहा। प्रवीण कुमार ने 1.96 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। उन्नी रेनु ने 1.86 मीटर के साथ रजत और बंटी ने 1.83 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता।
दौड़ स्पर्धाओं में भी भारतीयों की चमक
महिला 100 मीटर टी35/टी37 स्पर्धा में प्रीति पाल ने 14.46 सेकंड का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक जीता। रूस की मार्गरीटा माताएवा को रजत और करीना माचुल्स्काया को कांस्य पदक मिला।
महिला 1500 मीटर टी11/टी12 स्पर्धा में भारत ने तीनों पदक अपने नाम किए। सौम्या ने 5:18.94 मिनट के साथ स्वर्ण, रक्षिता राजू ने 5:28.30 मिनट के साथ रजत और राधा वेंकटेश ने 5:25.48 मिनट के साथ कांस्य पदक जीता।
पुरुष 1500 मीटर टी11 स्पर्धा में भी भारत का क्लीन स्वीप रहा। अंकुर धामा ने 4:38.15 मिनट में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि केशवमूर्ति ने रजत और रविकुमार बंकलागी ने कांस्य पदक हासिल किया।
थ्रो स्पर्धाओं में भी भारत आगे
पुरुष डिस्कस थ्रो एफ11/एफ12 स्पर्धा में मोनू ने 34.30 मीटर की दूरी तक चक्का फेंककर स्वर्ण पदक जीता। प्रवीण शर्मा ने रजत और संजय रेड्डी नीलम ने कांस्य पदक हासिल किया।
महिला शॉट पुट एफ56 स्पर्धा में पूनम ने 6.85 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। बोस्निया और हर्जेगोविना की जेल्का सैंड्रक को रजत मिला, जबकि भारत की विजयाश्री कुमार ने कांस्य पदक जीता।
आठ देशों के 257 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
नई दिल्ली वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री 2026 के दूसरे संस्करण में भारत, रूस, नेपाल, भूटान, हांगकांग, सर्बिया, बोस्निया और मिस्र सहित आठ देशों के करीब 257 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
मेजबान भारत ने लगभग 219 खिलाड़ियों का सबसे बड़ा दल उतारा है, जो विभिन्न ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं। पहले ही दिन शानदार प्रदर्शन के साथ भारतीय खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में मजबूत शुरुआत कर दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे
