प्रयागराज, 11 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जनपद के कीडगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नए यमुना पुल से बुधवार को एक अज्ञात महिला ने नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से महिला के शव को नदी से बाहर निकलवाया।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि नए यमुना पुल से एक महिला के नदी में छलांग लगाने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया है। मृतक महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष है। उसके पास से कोई पहचान पत्र या ऐसा सामान बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान हो सके। फिलहाल पुलिस महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
पहचान के लिए कीडगंज थाना पुलिस आसपास के थानों तथा स्थानीय लोगों से संपर्क कर रही है। शव को पोस्टमार्टम में रखा गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
