बांदा, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना कोतवाली नगर पुलिस ने मोहल्ला सूतरखाना में संचालित अवैध नकली एवं अपमिश्रित गुटखा निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से लगभग 05 लाख रुपये कीमत का निर्मित व अर्द्धनिर्मित गुटखा, कच्चा माल, रैपर, सीलिंग मशीन सहित अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

यह कार्रवाई सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सुश्री मेविस टॉक के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि सूतरखाना क्षेत्र में अवैध रूप से गुटखा का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस टीम ने छापेमारी कर फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया और मौके से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अखिलेश पुत्र जगतनारायण निवासी कालवनगंज, राकेश पुत्र रामप्रसाद निवासी सूतरखाना, तीरथ पुत्र कामता प्रसाद निवासी मर्दन नाका तथा बसंत पुत्र इन्द्रदत्त निवासी खुटला, थाना कोतवाली नगर, जनपद बांदा शामिल हैं।
पुलिस द्वारा बरामद सामग्री में 01 गुटखा पैकिंग मशीन, 02 बोरी मिश्रित तंबाकू व कटी सुपारी (कुल वजन 114.2 किलोग्राम), 03 बोरी जबर पुड़िया (वजन 100.7 किलोग्राम), 3 बंडल जबर लिखित रैपर (वजन 21 किलोग्राम) तथा 1 इलेक्ट्रॉनिक तराजू शामिल है।
इस संबंध में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 174/26 के तहत धारा 274, 275, 345, 318, 117(2) बीएनएस एवं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 59 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सुश्री मेविस टॉक ने बताया कि पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह
