देवघर, 27 जनवरी (हि.स.)। नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 में नोटा का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा और मतदान मतपत्र के माध्यम से कराया जाएगा। उपायुक्त ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में चुनाव की समीक्षा करने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि देवघर नगर निगम में 36 वार्डों के लिए 172 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां कुल 1,79,278 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि मधुपुर नगर परिषद में 23 वार्ड, 46 मतदान केंद्र और 44,258 मतदाता हैं। नाम निर्देशन की तिथि 29 जनवरी से 4 फरवरी, मतदान 23 फरवरी को और मतगणना 27 फरवरी को होगी। आदर्श आचार संहिता निर्वाचन की घोषणा के साथ ही नगरपालिका क्षेत्रों में लागू हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केन्द्र पर दो बड़ी मतपेटिकाएं उपलब्ध रहेंगी और कुल 600 मतपेटिकाएं तैयार कर ली गई हैं। निर्वाचन व्यय की अधिसीमा भी निर्धारित कर दी गई है। मतदाता पहचान के लिए एपिक सहित 12 वैकल्पिक दस्तावेज मान्य होंगे।

मौके पर पुलिस अधीक्षक सौरभ ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए वार्डवार पुलिस बल की तैनाती, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई, सोशल मीडिया निगरानी और क्यूआरटी का गठन किया गया है। प्रशासन ने सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने का भरोसा दिलाया।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
